मानसिक अस्वस्थ युवक ने की आत्महत्या, गांव में शोक का माहौल

खेरागढ़। क्षेत्र के गांव कुकंडई में सोमवार दोपहर एक युवा ने फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, मृतक कुलदीप (20) के पिता अशोक कुमार खेती और दर्जी का कार्य करते हैं। सोमवार सुबह कुलदीप अपने माता-पिता और छोटे भाई-बहन के साथ खेत गए थे। करीब 11 बजे जब वह घर पर अकेला था, उसने टीन शेड में साड़ी का फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। छोटी बहन घर लौटकर जब उसे फंदे पर लटका देखा, तो चीख-पुकार मच गई। ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे और उसे नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी सांसें थम चुकी थीं।
परिजन ने बताया कि कुलदीप खेरागढ़ स्थित महा विद्यालय में स्नातक का छात्र था। कुछ समय से उसकी मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी और उसका उपचार चल रहा था। घटना ने पूरे गांव में शोक और सदमे का माहौल पैदा कर दिया है।