
कोसीकलां। नगर के तांगड़ा मोहल्ला स्थित सुभाष पार्क सहित विभिन्न स्थानों पर नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती हर्षोल्लास और देशभक्ति के वातावरण में मनाई गई। इस अवसर पर भाजपा कार्यकर्ताओं, अन्य राजनीतिक संगठनों तथा नगर के विभिन्न विद्यालयों में कार्यक्रम आयोजित कर नेताजी के चित्र एवं प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया और उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया गया।
तांगड़ा मोहल्ला स्थित सुभाष पार्क में भाजपा कार्यकर्ताओं एवं अन्य राजनीतिक संगठनों के लोगों ने नेताजी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया। पालिकाध्यक्ष धर्मवीर अग्रवाल ने कहा कि सुभाष चंद्र बोस जैसे राष्ट्रनायक ने देश को आत्मसम्मान के साथ जीने का मार्ग दिखाया। उन्होंने कहा कि नेताजी का जीवन साहस, त्याग और देशभक्ति की प्रेरणा है, जिससे आज की पीढ़ी को सीख लेनी चाहिए।
वहीं नंदगांव रोड स्थित पौनिया क्लीनिक पर ब्रज क्षेत्र भाजपा पिछड़ा वर्ग के उपाध्यक्ष डॉ. अमर सिंह पौनिया के नेतृत्व में नेताजी सुभाष चंद्र बोस की जयंती मनाई गई। इस दौरान उनके चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। डॉ. अमर सिंह पौनिया ने कहा कि सुभाष चंद्र बोस ने आज़ाद हिंद फ़ौज का गठन कर ब्रिटिश शासन के खिलाफ सशस्त्र संघर्ष का नेतृत्व किया। “तुम मुझे खून दो, मैं तुम्हें आज़ादी दूंगा” और “दिल्ली चलो” जैसे नारों से उन्होंने पूरे देश में स्वतंत्रता की अलख जगाई। उनका मानना था कि पूर्ण स्वराज केवल दृढ़ संकल्प और संघर्ष से ही प्राप्त किया जा सकता है।
इसके अतिरिक्त नगर के विभिन्न विद्यालयों में भी नेताजी की जयंती पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किए गए। एसपीएस इंटरनेशनल एकेडमी की डायरेक्टर डॉ. रेखा गोयल, एमडी जैन विद्यालय के प्रधानाचार्य नरेन्द्र शर्मा सहित अन्य प्रधानाचार्यों एवं शिक्षकों ने विद्यार्थियों को सुभाष चंद्र बोस के जीवन, विचारों और राष्ट्र के प्रति उनके योगदान के बारे में जानकारी दी तथा बच्चों को देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत होने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर कमल किशोर वार्ष्णेय, नरसिंह पौनिया, डिगंबर सिंह, योगेन्द्र, लक्ष्मन सिंह, प्रदीप, प्रशांत, करन कपूर, मनीष, जयदेव डागर, विनोद अग्रवाल, ठाकुरलाल, भगवत परदेसी, पिंटू नेता, धर्मवीर शर्मा, पं. सुरेश, चरन सिंह सहित अनेक लोग उपस्थित रहे।