पत्रकार एकादश ने ठेकेदार एकादश को 6 विकेट से हराकर जीता मैच

पिनाहट। सूखाताल क्रिकेट टूर्नामेंट में गुरुवार को पत्रकार एकादश और ठेकेदार एकादश के बीच खेले गए रोमांचक मुकाबले में पत्रकार एकादश ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 6 विकेट से जीत दर्ज की। मैच के दौरान खिलाड़ियों का उत्साह और दर्शकों का जोश देखते ही बन रहा था।
मैच का उद्घाटन प्रधान देवानंद परिहार एवं समाजसेवी धर्मेंद्र भदौरिया ने फीता काटकर किया तथा खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया। टॉस पत्रकार एकादश के कप्तान इंद्रेश तोमर और ठेकेदार एकादश के कप्तान लालू भदौरिया के बीच हुआ। टॉस जीतकर ठेकेदार एकादश ने पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया।
पहले बल्लेबाजी करते हुए ठेकेदार एकादश ने निर्धारित 12 ओवर में 103 रन बनाए। टीम की ओर से कप्तान लालू भदौरिया ने 34 रन और सतीश परिहार ने 26 रन की महत्वपूर्ण पारी खेली। पत्रकार एकादश की ओर से भोला और अभिषेक परिहार ने शानदार गेंदबाजी करते हुए दो-दो विकेट हासिल किए।
104 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पत्रकार एकादश की टीम ने संयमित और आक्रामक बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए 4 विकेट के नुकसान पर लक्ष्य हासिल कर लिया। अजय तोमर ने 48 रनों की शानदार पारी खेली, जबकि अभिषेक परिहार ने 30 रन बनाकर टीम को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई। उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए अजय तोमर को ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया।
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख सत्यवीर भदौरिया, संतोष गहलोत, प्रधान देवानंद परिहार, आयोजक राकेश परिहार, ओम परिहार, वरिष्ठ पत्रकार नीरज परिहार, धर्मेंद्र चौहान, हिमांशु गुप्ता, लाल सिंह परिहार सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। मैच की कमेंट्री गंगाप्रसाद और लवकुश परिहार ने की।