
सिंगाही (लखीमपुर खीरी)।बेलराया रेंज अंतर्गत सिंगाही क्षेत्र में तेंदुए की गतिविधियों ने ग्रामीणों में भय का माहौल पैदा कर दिया है। ग्राम पंचायत नौरंगाबाद के मजरा फरदहिया गांव में तेंदुए ने एक घर में घुसकर बछड़े पर हमला किया और उसका पिछला हिस्सा खाकर फरार हो गया। वहीं, सोमवार सुबह ग्राम पंचायत सिंगहा कलां में तेंदुए के तीन शावक देखे गए।
जानकारी के अनुसार, रविवार रात करीब तीन बजे फरदहिया गांव निवासी बेचेलाल के घर में तेंदुआ घुस आया। घर के अंदर बंधे बछड़े पर उसने हमला कर उसे मार दिया और आधा हिस्सा खाकर भाग गया। घटना के समय गृहस्वामी और परिवार घर के बाहर बने बंगले में सो रहे थे। सुबह जब बेचेलाल जानवरों को चारा देने गए तो बछड़े का क्षत-विक्षत शव देखकर वह सकते में रह गए। आंगन और आसपास खेतों में तेंदुए के पंजों के निशान देखे गए।
दूसरी ओर, सोमवार सुबह किसान रामशंकर पटेल जब सिंगहा कलां के खेत में गन्ना छीलने गया तो उसे पहले से मौजूद तेंदुए के तीन शावक दिखाई दिए। डर के मारे उसने तुरंत ग्राम प्रधान प्रतिनिधि श्याम मोहन दीक्षित को सूचना दी। इसके बाद वन विभाग को सूचित किया गया।
सूचना मिलने पर बेलराया रेंज के रेंजर भूपेंद्र सिंह के नेतृत्व में वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। फरदहिया में पदचिन्हों की जांच के बाद वन विभाग ने पुष्टि की कि यह तेंदुआ ही था। रेंजर भूपेंद्र सिंह ने बताया कि मृत बछड़े के शव को गड्ढा खोदकर सुरक्षित गढ़वा दिया गया है। साथ ही, सिंगहा कलां में दिखे तीन शावकों की मां पर नजर रखी जा रही है।
वन विभाग ने ग्रामीणों से सतर्क रहने, रात में घरों से बाहर न निकलने और अपने पशुओं को सुरक्षित स्थान पर रखने की अपील की है। क्षेत्र में गश्त बढ़ा दी गई है ताकि किसी भी अप्रिय घटना से बचा जा सके।