
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में शिक्षा मित्रों और अनुदेशकों के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विधानसभा में बड़ी घोषणा करते हुए शिक्षा मित्रों के मानदेय में उल्लेखनीय वृद्धि का ऐलान किया।
मुख्यमंत्री ने बताया कि अब शिक्षा मित्रों को 10 हजार रुपये के स्थान पर 18 हजार रुपये प्रतिमाह मानदेय दिया जाएगा। यानी सीधे 8 हजार रुपये की बढ़ोतरी की गई है। वहीं अनुदेशकों का मानदेय बढ़ाकर 17 हजार रुपये प्रतिमाह कर दिया गया है, जिसमें लगभग 7 हजार रुपये की वृद्धि हुई है।
नई वेतन व्यवस्था आगामी अप्रैल माह से लागू की जाएगी। इस निर्णय से प्रदेश के करीब 1.70 लाख शिक्षा मित्र और अनुदेशक लाभान्वित होंगे। लंबे समय से मानदेय बढ़ाने की मांग कर रहे शिक्षा मित्रों के लिए यह फैसला बड़ी राहत माना जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने यह भी घोषणा की कि शिक्षा मित्रों और संबंधित कर्मियों को 5 लाख रुपये तक की कैशलेस इलाज सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी, जिससे उन्हें स्वास्थ्य सुरक्षा का भी लाभ मिल सकेगा।
विधानसभा में की गई इस घोषणा के बाद शिक्षा मित्रों और अनुदेशकों में उत्साह का माहौल है। इसे सरकार की ओर से शिक्षा क्षेत्र में कार्यरत कर्मियों के प्रति संवेदनशील कदम के रूप में देखा जा रहा है।