यूपी में चाइनीज़ मांझे पर सरकार सख्त, मौत अब हादसा नहीं हत्या मानी जाएगी

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में चाइनीज़ मांझे से हो रही घटनाओं को लेकर राज्य सरकार ने कड़ा संज्ञान लिया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि चाइनीज़ मांझे से होने वाली मौत को अब हादसा नहीं बल्कि हत्या माना जाएगा। मुख्यमंत्री ने इस संबंध में पुलिस अफसरों को सख्त कार्रवाई के निर्देश देते हुए प्रदेश भर में चाइनीज़ मांझे की तलाश में छापेमारी के आदेश जारी किए हैं। सरकार ने प्रदेश स्तर पर विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं, जिसकी पुलिस और प्रशासन के स्तर पर उच्चस्तरीय समीक्षा की जाएगी। उल्लेखनीय है कि यूपी में चाइनीज़ मांझा पहले से ही प्रतिबंधित है, इसके बावजूद कई स्थानों पर दुकानों में इसकी बिक्री की शिकायतें सामने आ रही थीं। हाल ही में लखनऊ में चाइनीज़ मांझे से एक युवक की मौत के बाद सरकार ने सख्ती बढ़ा दी है। अब चाइनीज़ मांझा बेचने, रखने और सप्लाई करने वालों पर बड़ी कार्रवाई की जाएगी।