लखनऊ दुबग्गा में ताबड़तोड़ फायरिंग से दहशत, चरक इंस्टीट्यूट के पास गोलियों की गूंज

लखनऊ। राजधानी लखनऊ के दुबग्गा इलाके में सोमवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब अचानक ताबड़तोड़ फायरिंग की घटना सामने आई। गोलियों की आवाज से पूरा इलाका गूंज उठा और स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार 10 से 15 दबंगों ने बेखौफ होकर गोलियों की बौछार की, जिससे क्षेत्र में आतंक का माहौल बन गया।
बताया जा रहा है कि फायरिंग के साथ-साथ दबंगों ने पथराव भी किया, जिससे आसपास के लोग अपने-अपने घरों में दुबकने को मजबूर हो गए। घटना दुबग्गा क्षेत्र अंतर्गत चरक इंस्टीट्यूट के आसपास की बताई जा रही है। अचानक हुई इस वारदात से यातायात भी कुछ समय के लिए प्रभावित रहा। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में लेने का प्रयास किया। फिलहाल घटना को लेकर इलाके में तनाव बना हुआ है और पुलिस मामले की जांच में जुटी है।