जिला कारागार में कंबल व गर्म कपड़े पाकर खिल उठे चेहरे


लखीमपुर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा जिला कारागार में विधिक साक्षरता एवं जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें ठंड से बचाव के लिए जरूरतमंद बंदियों को कंबल व गर्म कपड़े वितरित किए गए। कड़ाके की ठंड में गर्म कपड़े पाकर बंदियों के चेहरों पर खुशी साफ झलक उठी।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि जिला जज शिव कुमार सिंह, सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एडीजे वीरेंद्र नाथ पांडेय तथा अधिवक्ता संघ के पूर्व अध्यक्ष अवधेश कुमार सिंह ने उपस्थित होकर बंदियों को कंबल व ऊनी वस्त्र प्रदान किए।

मुख्य अतिथि जिला जज शिव कुमार सिंह ने कहा कि “गरीबों की मदद करना ही असली धर्म और मानवता है। जेल में निरुद्ध बंदियों को आवश्यक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराना अति आवश्यक है।”

सचिव एडीजे वीरेंद्र नाथ पांडेय ने बंदियों को कानूनी हक व सुविधाओं की जानकारी देते हुए बताया कि विधिक सेवा प्राधिकरण गरीब, असहाय और आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को निःशुल्क कानूनी सहायता प्रदान करता है।

पूर्व अध्यक्ष अवधेश कुमार सिंह ने कहा कि “जेल सुधार गृह है। यहां से रिहा होने के बाद बंदियों को नई जिंदगी शुरू करनी चाहिए। हर संभव कानूनी सहायता प्रदान की जाएगी।”

कार्यक्रम के दौरान संस्था द्वारा एक बंदी का अर्थदंड जमा कर उसकी रिहाई भी कराई गई, जिससे बंदी व उसके परिजनों में खुशी की लहर दौड़ गई।

कार्यक्रम का संचालन अधिवक्ता मो. सईद खान ने किया। जेल अधीक्षक पी. डी. सलैनिया ने सभी अतिथियों तथा संस्था के पदाधिकारियों का आभार जताया। इस अवसर पर जेल अधिकारी, कर्मचारी एवं अनेक बंदी उपस्थित रहे