लोधेश्वर महादेव मंदिर में उमड़ा आस्था का सैलाब, डीजीपी ने की पूजा-अर्चना

रामनगर, बाराबंकी। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर लोधेश्वर महादेव धाम में श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा। इस दौरान उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण ने अपनी पत्नी व एडीजी प्रवीण कुमार के साथ मंदिर पहुंचकर विधि-विधान से पूजन-अर्चन किया और प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की।
मंदिर परिसर में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। जिला प्रशासन व पुलिस अधिकारियों ने व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पार्किंग, यातायात नियंत्रण तथा प्रवेश-निकास की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित कराई।
महाशिवरात्रि पर हजारों श्रद्धालुओं की उपस्थिति से पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में सराबोर रहा। इस अवसर पर जिलाधिकारी शशांक कुमार त्रिपाठी, पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे।