लोधेश्वर महादेवा महोत्सव में बनेगी 40 फीट ऊंची अमरनाथ गुफा, 17 से 23 नवंबर तक चलेगा सप्तरंगी उत्सव

रामनगर, बाराबंकी। प्राचीन लोधेश्वर महादेवा महोत्सव को भव्यता प्रदान करने के लिए इस वर्ष मेला मैदान में 19 फीट ऊंची अमरनाथ गुफा का निर्माण किया जा रहा है, जिसे लखनऊ की विशेषज्ञ टीम द्वारा तैयार किया जा रहा है। 17 से 23 नवंबर तक आयोजित होने वाला सप्तरंगी महोत्सव इस गुफा के कारण लोगों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बनेगा।

शुक्रवार को पूर्व ब्लॉक प्रमुख ज्ञानू सिंह और नायब तहसीलदार विजय प्रकाश तिवारी ने वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच भूमि पूजन कर गुफा निर्माण की औपचारिक शुरुआत की। पंडित अनिल शास्त्री के निर्देशन में पूजा-अर्चना के उपरांत बल्ली में कलावा बांधकर गुफा की नींव रखी गई।

डॉ. भगौती सिंह (क्षेत्रीय दुर्गा जागरण समिति, रानीगंज) की देखरेख में लखनऊ की टीम 200 फीट का विशाल पर्वत और 40 फीट ऊंची आकर्षक गुफा का निर्माण कर रही है। महोत्सव के दौरान अमरनाथ गुफा की यह प्रतिकृति श्रद्धालुओं और आगंतुकों के लिए मुख्य आकर्षण रहेगी।

17 नवंबर से शुरू होने वाले अगहनी महोत्सव के लिए कई नामचीन कलाकारों से संपर्क किया जा रहा है, जिनमें भोजपुरी अभिनेत्री अक्षरा सिंह, गायक समर सिंह, शिल्पी राज, कवियत्री अनामिका सिंह अम्बर, सूफी-ग़ज़ल गायक कुमार सत्यम और शांतनु महाराज शामिल हैं।

सात दिवसीय महोत्सव में ऊनी कपड़े, खाद्य सामग्री सहित विविध इंस्टॉल लगाए जाएंगे। वॉलीबॉल, कबड्डी और दंगल प्रतियोगिताएं खेल प्रेमियों को आकर्षित करेंगी, जबकि बच्चों और युवाओं के लिए छोटे-बड़े झूले लगाए जाएंगे।

जिलाधिकारी शशांक कुमार त्रिपाठी के निर्देशन में संयुक्त मजिस्ट्रेट गुंजिता अग्रवाल, तहसीलदार विपुल कुमार सिंह और नायब तहसीलदार विजय प्रकाश तिवारी महोत्सव की तैयारियों में सक्रिय रूप से जुटे हैं।