ड्रम में दफन राज: लखनऊ में कारोबारी पिता की हत्या कर शव के टुकड़े करने का आरोप, बेटा हिरासत में

लखनऊ। राजधानी के आशियाना सेक्टर एल में दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। शराब कारोबारी मानवेंद्र सिंह (45) की गोली मारकर हत्या करने और शव के टुकड़े कर ड्रम में छिपाने के आरोप में पुलिस ने उनके बेटे अक्षय प्रताप सिंह (20) को हिरासत में लिया है। पुलिस के मुताबिक, शव का ऊपरी हिस्सा घर की तीसरी मंजिल पर एक ड्रम से बरामद हुआ है, जबकि हाथ-पैर की तलाश की जा रही है।
मूल रूप से जालौन के उदयपुरा निवासी मानवेंद्र सिंह आशियाना के तीन मंजिला मकान में परिवार के साथ रहते थे। उनकी आशियाना और कानपुर रोड बाराबिरवा चौराहे पर शराब की दुकानें तथा सालेहनगर और बुद्धेश्वर में पैथोलॉजी सेंटर बताए जा रहे हैं। पत्नी का 2017 में निधन हो चुका है। घर में बेटा अक्षय (बीकॉम छात्र) और बेटी कृति (कक्षा 11) रहते थे।
डीसीपी सेंट्रल विक्रांत वीर सिंह के अनुसार, सोमवार सुबह अक्षय आशियाना कोतवाली पहुंचा और पिता की गुमशुदगी की तहरीर दी, जिसमें कहा कि 20 फरवरी को सुबह दिल्ली जाने की बात कहकर निकले थे और लौटे नहीं। इसी बीच परिवार के परिचितों और पुलिस की पूछताछ में कथित रूप से खुलासा हुआ कि 20 फरवरी को घर में विवाद के दौरान लाइसेंसी रायफल से गोली मारी गई।
पुलिस के अनुसार, घर की तलाशी में ड्रम से शव का ऊपरी हिस्सा मिला और 20 लीटर का एसिड भी बरामद हुआ। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई गई है कि शव को नष्ट करने की तैयारी थी। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और मामले की विभिन्न बिंदुओं पर जांच जारी है।
डीसीपी ने बताया कि पूछताछ में यह भी सामने आया है कि पिता बेटे पर प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी का दबाव बनाते थे, जिसको लेकर विवाद हुआ। छोटी बहन को घटना की जानकारी न देने की कथित धमकी देने की बात भी सामने आई है।
घटना की सूचना पर पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और फॉरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए। पुलिस शेष अंगों की तलाश कर रही है और सभी संबंधित पक्षों से पूछताछ की जा रही है।