
लखनऊ में आयुर्वेद फार्मासिस्ट भर्ती को लेकर अभ्यर्थियों का आक्रोश उस समय सड़कों पर उतर आया जब बड़ी संख्या में छात्रों ने विधानसभा का घेराव किया। लंबे समय से लंबित भर्ती प्रक्रिया को लेकर नाराज छात्रों ने जोरदार प्रदर्शन करते हुए सरकार से जल्द नियुक्ति प्रक्रिया पूरी करने की मांग उठाई।
प्रदर्शन के दौरान अभ्यर्थियों ने “हर पेशी पर नई तारीख” और “तारीखों से नहीं चलेगा काम” जैसे पोस्टर लेकर विरोध जताया। उनका कहना है कि भर्ती प्रक्रिया लगातार टल रही है, जिससे उनका भविष्य अधर में लटक गया है। छात्रों ने आरोप लगाया कि न्याय में देरी, उनके साथ अन्याय के समान है।
प्रदर्शन में महिला अभ्यर्थियों की भी बड़ी भागीदारी देखने को मिली। कई महिलाएं अपने छोटे बच्चों को गोद में लेकर प्रदर्शन स्थल पर पहुंचीं, जिससे आंदोलन का भावनात्मक पक्ष भी सामने आया।
अभ्यर्थियों ने एक साथी अभ्यर्थी की आत्महत्या का जिक्र करते हुए कहा कि भर्ती में देरी ने कई युवाओं को मानसिक तनाव में डाल दिया है। उन्होंने सरकार से इस मुद्दे को गंभीरता से लेते हुए तत्काल समाधान निकालने की मांग की।
छात्रों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से अपील की है कि आयुर्वेद फार्मासिस्ट भर्ती प्रक्रिया को जल्द से जल्द पूरा कराया जाए, ताकि हजारों युवाओं को राहत मिल सके।