
लखनऊ एयरपोर्ट और रेलवे स्टेशन को बम से उड़ाने की धमकी, आरोपी गिरफ्तार
लखनऊ। राजधानी में हड़कंप मचाने वाली बम धमकी के मामले में पुलिस ने 43 वर्षीय उमेश कुमार को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी ने चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा और शहर के प्रमुख रेलवे स्टेशन को बम से उड़ाने की धमकी दी थी, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई थीं।
जांच में सामने आया कि यह धमकी किसी आतंकी साजिश का हिस्सा नहीं, बल्कि निजी विवाद से जुड़ी थी। पुलिस के मुताबिक, उमेश कुमार की पत्नी का संबंध कार्तिकेय नामक व्यक्ति से था, जिसे लेकर घर में विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि कार्तिकेय ने महिला को एक सिम कार्ड भी दिया था।
इसी सिम का इस्तेमाल कर उमेश कुमार ने धमकी भरी कॉल की, ताकि शक कार्तिकेय पर जाए और वह जेल पहुंच जाए। हालांकि पुलिस ने तकनीकी जांच और कॉल डिटेल के आधार पर सच्चाई का खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि इस तरह की फर्जी धमकियां सुरक्षा एजेंसियों के लिए गंभीर चुनौती बनती हैं और इससे आम जनता में भय का माहौल पैदा होता है। आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है।