
लखनऊ। राजधानी लखनऊ में प्रतिबंधित चाइनीज मांझा एक बार फिर लोगों के लिए जानलेवा साबित हो रहा है। गुरुवार को अलग-अलग स्थानों पर मांझे की चपेट में आने से दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार हुसैनगंज क्षेत्र में पशुपालन विभाग का एक कर्मचारी स्कूटी से घर लौट रहा था। इसी दौरान अचानक चाइनीज मांझा उसकी गर्दन में उलझ गया, जिससे उसकी गर्दन कट गई और वह गंभीर रूप से घायल हो गया। आसपास मौजूद लोगों की मदद से उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज सिविल अस्पताल में चल रहा है।
वहीं दूसरी घटना नाका पुल के पास हुई, जहां बाइक से जा रहे एक छात्र के चेहरे पर अचानक चाइनीज मांझा आ गिरा। मांझे से छात्र का चेहरा बुरी तरह कट गया। घायल छात्र को अस्पताल ले जाया गया, जहां उसके चेहरे पर दो टांके लगाए गए।
दोनों घटनाओं के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और लोगों में चाइनीज मांझे को लेकर चिंता बढ़ गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रतिबंध के बावजूद बाजारों में चाइनीज मांझा धड़ल्ले से बिक रहा है, जिससे आए दिन हादसे हो रहे हैं।
लोगों ने प्रशासन से इस पर सख्त कार्रवाई करने और चाइनीज मांझे की बिक्री पर प्रभावी रोक लगाने की मांग की है।