
लखनऊ। योगी आदित्यनाथ ने जनता दर्शन कार्यक्रम में लोगों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए।
5-कालिदास मार्ग स्थित सरकारी आवास पर आयोजित इस जनता दर्शन में बड़ी संख्या में लोग अपनी शिकायतें लेकर पहुंचे। मुख्यमंत्री ने एक-एक फरियादी की बात गंभीरता से सुनी और संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक निर्देश दिए।
सीएम योगी ने स्पष्ट कहा कि जन-समस्याओं के समाधान में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर शिकायतों का निस्तारण करने और आमजन को शीघ्र राहत दिलाने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि जनता की समस्याओं का समयबद्ध और प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए, ताकि लोगों का विश्वास शासन-प्रशासन पर बना रहे।