
लखनऊ। प्रदेश को ‘वन ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था’ बनाने के लक्ष्य को गति देने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उच्चस्तरीय बैठक कर अहम निर्देश दिए। बैठक में जिला स्तर पर आर्थिक विकास को साक्ष्य-आधारित बनाने पर विशेष जोर दिया गया।
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि प्रत्येक जनपद में ‘ओटीडी मुख्यमंत्री फेलो’ के रूप में दो विशेषज्ञों की तैनाती की जाए। इनमें एक आर्थिक विकास विशेषज्ञ और एक डेटा विश्लेषक शामिल होंगे, जो जिले के विकास की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
बैठक में कहा गया कि ये विशेषज्ञ स्थानीय संसाधनों, निवेश की संभावनाओं और रोजगार सृजन के अवसरों का गहन विश्लेषण करेंगे। इसके आधार पर जनपद-केन्द्रित विकास रणनीतियों को तैयार किया जाएगा, जिससे प्रत्येक जिले की विशिष्ट क्षमता का बेहतर उपयोग हो सके।
मुख्यमंत्री ने ओटीडी सेल की डेटा और आर्थिक विश्लेषण क्षमता को और मजबूत करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि सभी जिलों से मासिक प्रगति रिपोर्ट ऑनलाइन डैशबोर्ड पर अपलोड की जाएगी, जबकि त्रैमासिक रिपोर्ट प्रमुख सचिव स्तर पर प्रस्तुत की जाएगी।
बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि डेटा-आधारित निर्णयों के माध्यम से निवेश और रोजगार सृजन को तेज किया जाएगा, जिससे प्रदेश के समग्र आर्थिक विकास को नई गति मिल सके।
सरकार की इस पहल को प्रदेश में योजनाबद्ध और परिणामोन्मुखी विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है, जो उत्तर प्रदेश को ‘वन ट्रिलियन डॉलर अर्थव्यवस्था’ के लक्ष्य के करीब ले जाने में सहायक सिद्ध होगा।