
लखनऊ। शहर-ए-नवाबों को अब देखने का अंदाज़ बदलेगा। ऊपर से बहती हवा, सामने खुला शहर और इतिहास से वर्तमान तक का सफर—उत्तर प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम की लखनऊ दर्शन इलेक्ट्रिक डबल डेकर सिटी बस 7 जनवरी से नियमित रूप से सड़कों पर उतरने जा रही है। इससे पहले निगम ने दो सफल मॉक ड्रिल पूरी कर ली हैं, जिससे इस अनोखे सिटी टूर के संचालन का रास्ता पूरी तरह साफ हो गया है।
3 जनवरी को सुबह और 4 जनवरी को शाम के समय आयोजित मॉक ड्रिल में बस ने कोठी हयात बख्श, राजभवन और जीपीओ जैसे प्रमुख इलाकों से गुजरते हुए विधान सभा भवन तक का सफर तय किया। एलिवेटेड सिटी टूर के रूप में तैयार की गई यह इलेक्ट्रिक डबल डेकर बस यात्रियों को लखनऊ की ऐतिहासिक विरासत और आधुनिक शहरी जीवन को एक साथ देखने का नया अनुभव देगी। गाइडेड टूर और चयनित ठहराव बिंदुओं के साथ इस यात्रा को लेकर प्रतिभागियों में खासा उत्साह देखा गया।

सुबह के मॉक ड्रिल में पर्यटन विभाग, वन विभाग, रोडवेज विभाग और नगर निगम के अधिकारी, इंजीनियरिंग के छात्र तथा टूर-ट्रैवल एजेंसियों के प्रतिनिधि शामिल हुए। छात्रों ने इसे ज्ञान और समझ बढ़ाने वाला अनुभव बताया, वहीं ट्रैवल इंडस्ट्री से जुड़े लोगों ने इसे पर्यटकों के लिए एक मजबूत और आकर्षक सिटी टूर प्रोडक्ट करार दिया।
शाम 4 बजे शुरू हुए मॉक ड्रिल में 45 यात्रियों ने हिस्सा लिया, जिनमें पर्यटन विभाग के अधिकारी अपने परिवारों के साथ, परिवहन विभाग के प्रतिनिधि और आम नागरिक शामिल थे। बस के भीतर उल्लास का माहौल रहा। यात्री पूरे सफर के दौरान फोटो और वीडियो बनाते नजर आए, जबकि सड़क किनारे मौजूद लोग भी बस को देखकर उत्साहपूर्वक तस्वीरें खींचते दिखे। कई स्थानों पर आमजन में बस में सवार होने की उत्सुकता साफ दिखाई दी।
यात्रियों के अनुभव को और बेहतर बनाने के लिए 7 जनवरी से शुरू होने वाली नियमित सेवा में हल्का जलपान भी उपलब्ध कराया जाएगा। अधिक से अधिक लोगों को इस अनोखे सफर से जोड़ने के उद्देश्य से 31 जनवरी तक टिकट बुकिंग पर 10 प्रतिशत की छूट देने की घोषणा भी की गई है।
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने कहा कि मॉक ड्रिल एक साझा प्रयास के रूप में आयोजित की गई, ताकि संचालन के साथ-साथ यात्रियों का अनुभव भी बेहतर बनाया जा सके। उन्होंने कहा कि बस के भीतर और सड़कों पर लोगों में दिखा उत्साह इस बात का संकेत है कि लखनऊ दर्शन इलेक्ट्रिक डबल डेकर बस न सिर्फ यात्रियों को यादगार अनुभव देगी, बल्कि लखनऊ को एक जीवंत शहरी विरासत पर्यटन शहर के रूप में स्थापित करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
बुकिंग पहले से ही शुरू हो चुकी है और 7 जनवरी से टूर के नियमित रूप से आरंभ होने के बाद यह सेवा परिवारों, छात्रों, पर्यटकों और पहली बार लखनऊ आने वालों के लिए शहर घूमने का एक आरामदायक, गाइडेड और सुव्यवस्थित विकल्प बनने जा रही है।