
लखनऊ। लखनऊ मध्य विधानसभा क्षेत्र से समाजवादी पार्टी के विधायक रविदास मेहरोत्रा ने नगर निगम मुख्यालय पहुंचकर पार्षदों के साथ जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने ग्राउंड फ्लोर पर धरना देकर नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए।
विधायक और पार्षदों ने पानी, सड़क और सफाई की समस्याओं को लेकर जमकर नारेबाजी की। उन्होंने आरोप लगाया कि नगर निगम की लापरवाही के चलते क्षेत्र की बुनियादी सुविधाएं चरमराई हुई हैं। क्षेत्र में पानी की किल्लत के साथ बढ़ा हुआ जलकर भी लोगों के लिए बड़ी समस्या बन गया है।
प्रदर्शन के दौरान खुले नालों को ढकने की मांग उठाई गई और लगातार हो रहे हादसों पर चिंता जताई गई। छत्ते वाले पुल के पास जर्जर सड़क को भी खतरे का कारण बताते हुए तत्काल मरम्मत की मांग की गई।
विधायक ने बताया कि 17 वार्डों की पानी टंकियां खराब पड़ी हैं, जिन्हें तुरंत ठीक कराने की जरूरत है। वहीं 8 वार्डों में स्ट्रीट लाइट नहीं होने से लोग अंधेरे में रहने को मजबूर हैं। पेयजल लाइनों में सीवर मिलने से स्वास्थ्य संकट गहराने की बात भी सामने रखी गई।
इसके अलावा विकास कार्यों के शिलापट्ट पर विधायक का नाम जोड़ने, प्रमुख चौराहों पर जाम से राहत दिलाने और जर्जर सड़कों की मरम्मत की मांग भी उठाई गई। उन्होंने खराब पड़े ट्यूबवेलों को दुरुस्त करने और नए ट्यूबवेल लगाने की भी मांग की।
विधायक ने यह भी कहा कि सफाईकर्मियों की कमी के चलते सफाई और सीवर व्यवस्था बुरी तरह प्रभावित हो रही है, जिससे आम जनता को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है।