कोसीकलां की बेटी अक्षिता जैन बनीं न्यायाधीश, नगर में खुशी की लहर

कोसीकलां। नगर की होनहार बेटी अक्षिता जैन ने न्यायिक सेवा परीक्षा में सफलता प्राप्त कर न्यायाधीश का पद हासिल किया है। उनकी इस महत्वपूर्ण उपलब्धि से पूरे कोसीकलां क्षेत्र में खुशी और गर्व का माहौल है। परिवार सहित नगरवासियों ने इसे क्षेत्र के लिए गौरवपूर्ण क्षण बताया है।

अक्षिता जैन, नवीन जैन की सुपुत्री हैं। उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा नगर के विद्या देवी जिंदल स्कूल से प्राप्त की। छात्र जीवन से ही मेधावी रही अक्षिता ने वाणिज्य संकाय में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए विद्यालय में शीर्ष स्थान प्राप्त किया था। पढ़ाई के प्रति उनकी लगन, अनुशासन और निरंतर मेहनत ने उन्हें सफलता की राह पर आगे बढ़ाया।

करीब 11 वर्षों के कठिन परिश्रम, धैर्य और निरंतर प्रयास के बाद उन्होंने न्यायिक सेवा परीक्षा उत्तीर्ण कर यह प्रतिष्ठित उपलब्धि हासिल की। उनकी सफलता युवाओं, विशेषकर बेटियों के लिए प्रेरणादायक उदाहरण बन गई है।

इस उपलब्धि पर नगरवासियों और समाजसेवियों ने अक्षिता जैन तथा उनके परिवार को बधाई दी। नगर में उनका फूलमालाओं के साथ भव्य स्वागत किया गया।

इस अवसर पर पूर्व पालिका अध्यक्ष नरेंद्र कुमार गुर्जर, पालिकाध्यक्ष धर्मवीर अग्रवाल, कमल किशोर वार्ष्णेय, अरुण शर्मा (अन्नु वैद्य), सुनील पांडे, अशोक जैन, राहुल जैन, धर्मवीर शर्मा, डॉ. अमर सिंह पौनिया, सुभाष जैन सहित अनेक गणमान्य लोगों ने हर्ष व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।