
राजधानी लखनऊ में सोमवार शाम बड़ा सड़क हादसा हो गया। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर गोसाईगंज थाना क्षेत्र के खेमा खेड़ा के पास लुधियाना से दरभंगा जा रही डबल डेकर बस अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में कई यात्री घायल हो गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस तेज रफ्तार में थी। आशंका जताई जा रही है कि चालक को झपकी आने के कारण उसने वाहन पर नियंत्रण खो दिया, जिससे बस डिवाइडर से टकराकर पलट गई। बस पलटते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई और आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही गोसाईगंज थाना पुलिस, दमकल विभाग और एंबुलेंस की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। राहत एवं बचाव कार्य चलाकर घायलों को बस से बाहर निकाला गया और नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। कुछ घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी भी दे दी गई, जबकि अन्य का इलाज जारी है।
हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा, जिसे पुलिस ने क्रेन की मदद से बस हटवाकर सामान्य कराया। पुलिस ने बस चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।