
लखनऊ। आगरा से आए युवा नेता संजय चौधरी ने राजधानी लखनऊ में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के समर्थन में अनोखी पहल की है। संजय चौधरी ने पूरे शहर में बड़े-बड़े होर्डिंग लगवाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र दामोदर दास मोदी को ‘राष्ट्रपुत्र’ की उपाधि दिए जाने की मांग उठाई है।
होर्डिंग्स में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को देश और दुनिया में सनातन संस्कृति का परचम लहराने वाला, मजबूत और लोकप्रिय वैश्विक नेता बताया गया है। पोस्टरों में स्पष्ट रूप से लिखा गया है कि श्री नरेंद्र मोदी जी ने भारत को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान दिलाई है, ऐसे में उनके योगदान को देखते हुए उन्हें ‘राष्ट्रपुत्र’ जैसी विशेष उपाधि दी जानी चाहिए।
इस संबंध में युवा नेता संजय चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने आर्थिक, सांस्कृतिक और कूटनीतिक मोर्चों पर ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा कि यह मांग केवल एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि उन लाखों देशवासियों की भावना को दर्शाती है जो प्रधानमंत्री के कार्यों से प्रेरित हैं।
संजय चौधरी ने यह भी स्पष्ट किया कि वह इस मांग पर अडिग हैं और आने वाले समय में भी ‘राष्ट्रपुत्र’ की उपाधि दिए जाने की मांग को लगातार उठाते रहेंगे। उनके इस कदम के बाद शहर में राजनीतिक और सामाजिक चर्चाओं का दौर तेज हो गया है।