
लखनऊ। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उत्तर प्रदेश के आयुक्त के निर्देश पर राजधानी लखनऊ में चलाए गए विशेष प्रवर्तन अभियान ने कई नामी मिठाई प्रतिष्ठानों की “मिठास” की हकीकत उजागर कर दी। 10 विशेष सचल दलों ने शहरभर में प्रतिष्ठित मिठाई विनिर्माण इकाइयों का निरीक्षण किया और साफ-सफाई व खाद्य सुरक्षा मानकों की जांच की।

अभियान के तहत मोती महल, रिट्ज, राधेलाल क्लासिक, मधुरिमा, नीलकंठ, सियाराम, महालक्ष्मी, श्याम स्वाद, कंचन स्वीट्स और छप्पन भोग जैसे प्रसिद्ध प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया।
छप्पन भोग, नादरगंज में 8 खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए और मिस ब्रांडेड व अधोमानक उत्पादों की 36.64 क्विंटल सामग्री (मूल्य ₹14.40 लाख) सीज की गई। वहीं, 10 किलो रंगीन पेठा (₹4,000) नष्ट कराया गया। इस प्रतिष्ठान से जुड़े उत्पाद कानपुर नगर में भी पाए गए, जहां देर रात तक कार्रवाई जारी रही।

श्याम स्वाद, अलीगंज में लगभग 3 क्विंटल मिठाई (₹3.60 लाख) नष्ट कराई गई। नीलकंठ, कामता चौराहा पर 255 किलो कालातीत मिठाई (₹2.29 लाख) और कंचन स्वीट्स, इंदिरा नगर में 30 किलो मिठाई (₹24,000) नष्ट की गई।
महालक्ष्मी स्वीट्स पर खाद्य अनुज्ञप्ति न मिलने पर प्रतिष्ठान को बंद करने की विधिक कार्रवाई शुरू की गई, जबकि सियाराम स्वीट्स, गोमती नगर में अत्यधिक गंदगी पाए जाने पर संचालन रोक दिया गया।
राधेलाल क्लासिक और मधुरिका स्वीट्स में भी स्वच्छता मानकों की गंभीर कमी पाए जाने पर सुधार सूचना जारी की गई।

पूरे अभियान में कुल 10 प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर 21 नमूने लिए गए। 36.64 क्विंटल संदिग्ध खाद्य सामग्री (₹14.40 लाख मूल्य) जब्त की गई और लगभग 595 किलो मिठाई (₹6.17 लाख मूल्य) नष्ट कराई गई। सभी प्रतिष्ठानों को निर्धारित समय में सुधार के निर्देश दिए गए हैं, अन्यथा आगे विधिक कार्रवाई की जाएगी।