
लखनऊ,अमेरिका द्वारा 27 अगस्त से भारतीय उत्पादों पर 50% अतिरिक्त टैरिफ लगाए जाने के खिलाफ उत्तर प्रदेश के व्यापारियों ने राजधानी लखनऊ की सड़कों पर पैदल मार्च निकालकर विरोध दर्ज कराया। उत्तर प्रदेश आदर्श व्यापार मंडल के बैनर तले आयोजित इस मार्च का नेतृत्व संगठन के प्रदेश अध्यक्ष संजय गुप्ता ने किया। यह मार्च अयोध्या रोड स्थित शक्ति नगर से लेकर लेखराज मेट्रो स्टेशन तक निकाला गया, जिसमें बड़ी संख्या में व्यापारी शामिल हुए।
संजय गुप्ता ने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प का यह निर्णय अमेरिका की जनता और वहां की अर्थव्यवस्था पर ही भारी पड़ेगा। उन्होंने कहा कि अतिरिक्त शुल्क लागू करने से अमेरिकी जीडीपी पर नकारात्मक प्रभाव पड़ेगा और वहां के उपभोक्ताओं को महंगे दाम पर वस्तुएं खरीदनी पड़ेंगी।
प्रदेश अध्यक्ष ने स्पष्ट कहा कि भारत के व्यापारी इस चुनौती के समय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारत सरकार के साथ खड़े हैं। “भारत किसी भी हाल में झुकेगा नहीं। हम मजबूती से सरकार के साथ खड़े हैं और अपने उत्पादों के लिए नए बाजार खोज रहे हैं।”
संजय गुप्ता ने बताया कि भारत के व्यापारी ब्रिटेन, जापान, दक्षिण कोरिया, जर्मनी, फ्रांस, इटली, स्पेन, नीदरलैंड, पोलैंड, कनाडा, मेक्सिको, रूस, बेल्जियम सहित 50 से अधिक देशों में भारत सरकार के सहयोग से अपने उत्पाद निर्यात करने की तैयारी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भारत विश्व का सबसे बड़ा उपभोक्ता बाजार है और अन्य देशों को भारत से समझौता करना होगा, न कि भारत को झुकना पड़ेगा।
उन्होंने कहा कि भारत के कई उत्पाद ऐसे हैं जिनकी दुनिया में कोई प्रतिस्पर्धा नहीं है। “लखनऊ का चिकन उद्योग इसका प्रमुख उदाहरण है। लखनऊ से ही 100 करोड़ से अधिक का चिकन कपड़े का सामान अमेरिका जाता है।”
संजय गुप्ता ने बताया कि पिछले वित्तीय वर्ष में भारत ने अमेरिका को 86 अरब डॉलर का निर्यात किया था, जबकि चालू वित्त वर्ष के पहले तीन महीनों में ही 33.53 अरब डॉलर का निर्यात किया जा चुका है। इनमें कपड़े, रत्न-आभूषण, चमड़ा, फुटवियर, पशु उत्पाद, रसायन और इलेक्ट्रिकल मशीनरी जैसे सामान शामिल हैं। लेकिन अप्रैल से लग रहे शुल्क के बाद अब अतिरिक्त 50% टैरिफ लागू होने से भारतीय उत्पादों पर कुल टैरिफ 70% तक पहुंच गया है।
व्यापार मंडल अध्यक्ष ने कहा कि इस फैसले से अमेरिकी उपभोक्ताओं को भारी नुकसान होगा। वस्तुएं महंगी होंगी और इससे अमेरिकी बाजार की मांग प्रभावित होगी। उन्होंने विश्वास जताया कि अमेरिकी राष्ट्रपति को जल्द ही अपने इस “गलत निर्णय” को वापस लेना होगा।
प्रदर्शन में बड़ी संख्या में व्यापारी शामिल हुए। इसमें संगठन के प्रदेश उपाध्यक्ष अविनाश त्रिपाठी, शेखर श्रीवास्तव, इक़बाल हसन, नगर अध्यक्ष हजिंदर सिंह, नगर महामंत्री राजीव शुक्ला, ट्रांस गोमती अध्यक्ष अनिरुद्ध निगम, नगर उपाध्यक्ष अमिताभ श्रीवास्तव, अंशुल श्रीवास्तव, महिला इकाई की अध्यक्ष श्रीमती अनिला अग्रवाल, संतोष गुप्ता, कमल अग्रवाल, मोनिस, माना, संजीव सिंह, वीरेन्द्र साहू और श्यामसुंदर अग्रवाल सहित कई व्यापारी मौजूद रहे।