मां ज्वाला जी की पावन ज्योति का हरदोई से बिलग्राम तक भव्य स्वागत, बिजली विभाग की लापरवाही बनी चर्चा

हरदोई। शारदीय नवरात्र की शुरुआत पर सोमवार को हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा स्थित शक्तिपीठ मां ज्वाला जी मंदिर से लाई गई पावन ज्योति का हरदोई से बिलग्राम तक भव्य स्वागत किया गया।

दोपहर 12 बजे हरदोई रेलवे स्टेशन पर पहुंची ज्योति का नगर भ्रमण कराया गया। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। शाम 6:30 बजे ज्योति गंगाधाम बिलग्राम पहुंची, जहां श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी और वातावरण “जय मां ज्वाला जी” के उद्घोष से गूंज उठा।

मां दुर्गा सेवा समिति रफैयतगंज के अध्यक्ष हरिशचंद्र राठौर अपनी पत्नी व सहयोगियों के साथ पावन ज्योति लेकर पहुंचे। नगर के मोहल्ला खतराना स्थित मां बिल्लेश्वरी मंदिर में आरती के बाद यात्रा आगे बढ़ी और विभिन्न मार्गों से होते हुए बिलग्राम पहुंची। समिति उपाध्यक्ष सुधीर कुमार ने बताया कि 26 सितंबर को विशाल रात्रि जागरण का आयोजन किया जाएगा।

शोभायात्रा में बड़ी संख्या में भक्त शामिल हुए और पुलिस की कड़ी सुरक्षा में यह यात्रा सकुशल संपन्न हुई। वहीं, पूर्व सूचना के बावजूद बिजली विभाग की लापरवाही से कई स्थानों पर यात्रा अंधेरे में डूबी रही, जिस पर श्रद्धालु नाराज दिखे और विभाग की आलोचना करते रहे।