मैगलगंज में यूजीसी बिल 2026 के समर्थन में हजारों लोगों ने सौंपा ज्ञापन

नीमगांव खीरी।थाना क्षेत्र के लाखन तिराहा पर ओबीसी, एससी एवं एसटी समाज के हजारों लोगों ने एकजुट होकर यूजीसी बिल 2026 के समर्थन में प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने यूजीसी बिल 2026 को शीघ्र लागू किए जाने तथा उच्च शिक्षण संस्थानों में जातिगत भेदभाव को समाप्त करने की मांग को लेकर थाना प्रभारी मैगलगंज के माध्यम से राष्ट्रपति एवं देश के सर्वोच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश के नाम संबोधित ज्ञापन सौंपा।
यह कार्यक्रम चपरतला ग्राम प्रधान सरवन यादव की अगुवाई में तथा गोविंदापुर के प्रधान वीरपाल कुशवाहा एवं जिला पंचायत सदस्य राममूर्ति राठौर की अध्यक्षता में आयोजित किया गया। प्रदर्शन के दौरान “85 प्रतिशत की यही पुकार—यूजीसी बिल लागू करें सरकार” जैसे नारों से लाखन तिराहा गूंज उठा। वक्ताओं ने कहा कि यूजीसी बिल 2026 लागू होने से उच्च शिक्षा में समान अवसर सुनिश्चित होंगे और सामाजिक न्याय की दिशा में एक मजबूत कदम बढ़ेगा।
प्रदर्शन पूरी तरह शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ, जिसके दौरान प्रशासन की ओर से सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए गए थे। इस अवसर पर अब्बासपुर के प्रधान सर्वेश कुमार, हैरमखेड़ा के प्रधान मनसुख लाल, हरनहा के प्रधान मेघनाथ, अलियापुर के प्रधान संजय, बाईकुआं प्रधान प्रतिनिधि धनंजय सिंह, मोहित गौतम, रोहित लाल गुलाबी, अखिलेश कुमार जौहर, विकास कुमार, संतोष कुमारी नेताजी, सरोज राठौर सहित हैरमखेड़ा, अलियापुर, अब्बासपुर, मुबारकपुर, गोविंदापुर एवं आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।