महर्षि कश्यप जयंती समारोह धूमधाम से मनाया गया

माधौगंज, हरदोई। कस्बे के एक गेस्ट हाउस में रविवार को महर्षि कश्यप जयंती समारोह बड़े ही हर्षोल्लास और भव्यता के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के गणमान्य लोगों की उपस्थिति ने आयोजन को विशेष बना दिया।
समारोह के मुख्य अतिथि एमएलसी इंजीनियर अवनीश कुमार सिंह एवं जिला सहकारी बैंक हरदोई के डायरेक्टर रामू कश्यप ने संयुक्त रूप से महर्षि कश्यप की प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित कर एवं माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके पश्चात वक्ताओं ने कश्यप समाज की एकता और उत्थान पर जोर देते हुए समाज को संगठित रहने का आह्वान किया।
मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में कहा कि समाज की एकता ही उसकी सबसे बड़ी शक्ति होती है और कश्यप समाज को शिक्षा एवं संगठन के माध्यम से आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने यह भी आश्वासन दिया कि समाज के किसी भी व्यक्ति को यदि किसी प्रकार की समस्या हो तो उसे अवगत कराया जाए, समाधान के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा।
कार्यक्रम में भक्ति एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने विशेष आकर्षण पैदा किया। विजय व्यास ने संगीतमय भजनों के माध्यम से माहौल को भक्तिमय बना दिया, वहीं बदन सिंह ने आल्हा की तर्ज पर महर्षि कश्यप का गुणगान कर उपस्थित लोगों का मन मोह लिया।
इस अवसर पर श्रीराम कश्यप, महेश कश्यप, अशोक सिंह (अध्यक्ष, जिला सहकारी बैंक), रामचंद्र कश्यप, गौरव कश्यप, नंदलाल कश्यप, रामगोपाल कश्यप, शिवकुमार कश्यप, रामदास कश्यप, सूरज राठौर सहित बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे।