लोधेश्वर महादेव मंदिर में महाशिवरात्रि पर उमड़ा आस्था का सैलाब

रिपोर्ट : पंकज चतुर्वेदी


बाराबंकी। उत्तर भारत के सुप्रसिद्ध तीर्थ स्थल लोधेश्वर महादेवा में महाशिवरात्रि पर्व पर आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। धूप-दीप की सुगंध और ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया। कांवड़ियों और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासनिक व्यवस्थाएं भी पूरी तरह मुस्तैद नजर आईं। मंदिर के कपाट खोल दिए जाने से दर्शन की व्यवस्था सुचारु रही और भीड़ का दबाव नियंत्रित रहा।


देर रात करीब 12 बजे जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी और पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय महादेवा पहुंचे और व्यवस्थाओं का जायजा लिया। जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक व अपर पुलिस अधीक्षक ने रात्रि में ही पूरे मेला क्षेत्र का भ्रमण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और जहां कमी मिली, उसे तत्काल दुरुस्त कराया।
अधिकारियों ने कांवड़ यात्रा मार्ग में पड़ने वाले पुलों, रास्तों, बैरिकेडिंग, वाहनों के रूट डायवर्जन, वैकल्पिक मार्ग, पार्किंग व्यवस्था तथा राष्ट्रीय राजमार्ग पर निर्बाध प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। साथ ही पुलिस पिकेट और पेट्रोलिंग को भी सक्रिय रखा गया।
मेला क्षेत्र में प्रशासनिक अधिकारियों के साथ मंदिर प्रशासन भी व्यवस्थाओं में जुटा रहा। प्रधान राजन तिवारी मंदिर से लेकर पूरे मेला परिसर में सक्रिय रहे। पहले बैरिकेडिंग गेट पर कोतवाल सतरिख डीके सिंह, दूसरे गेट पर बड्डूपुर कोतवाल तैनात रहे। बोहानिया से मंदिर तक सहादतगंज चौकी इंचार्ज संतोष त्रिपाठी और महादेव चौकी इंचार्ज अभिनंदन पांडे व्यवस्था संभाले रहे।


क्षेत्राधिकारी सदर सौरभ श्रीवास्तव और देवा थाना प्रभारी अजय तिवारी मंदिर परिसर के भीतर सुरक्षा व्यवस्था देख रहे थे। रामनगर एसडीएम आईईएस गूंजीता अग्रवाल, क्षेत्राधिकारी रामनगर गरिमा पंत, तहसीलदार विपुल कुमार सिंह और नायब तहसीलदार विजय तिवारी मेले की समग्र व्यवस्थाओं में लगे रहे। रामनगर थाना प्रभारी अनिल कुमार पांडे स्वयं मेला क्षेत्र में भ्रमण कर ड्यूटी के साथ श्रद्धालुओं की सुविधा का ध्यान रखते दिखे। मोहम्मदपुर खाला थाना प्रभारी आशुतोष मिश्रा बाहरी गेट पर तैनात रहे, जबकि मसौली थाना प्रभारी अजय प्रकाश त्रिपाठी ने अपने क्षेत्र की व्यवस्थाएं संभालीं।
हालांकि इस बार श्रद्धालुओं की संख्या पिछले वर्ष की तुलना में कुछ कम नजर आई। मंदिर के पुजारी आदित्य तिवारी ने बताया कि सटीक संख्या का अनुमान लगाना संभव नहीं है, क्योंकि बीते 10 दिनों से मेला चल रहा है और श्रद्धालु लगातार आ-जा रहे हैं। वहीं पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय के अनुसार दो से तीन लाख श्रद्धालुओं ने दर्शन-पूजन किया है।
देर रात तक लोधेश्वर धाम में महादेव भक्तों का तांता लगा रहने की संभावना जताई जा रही है।