आशियाना में धूम-धाम से मनाई गई महावीर जयंती: अहिंसा और करुणा का दिया गया संदेश

लखनऊ। राजधानी में सोमवार को आशियाना स्थित श्री 1008 भगवान महावीर दिगंबर जैन मंदिर में महावीर जयंती श्रद्धा, उत्साह और भक्ति भाव के साथ मनाई गई। जैन धर्म के 24वें तीर्थंकर भगवान महावीर स्वामी के जन्मकल्याणक के उपलक्ष्य में श्री दिगंबर जैन सेवा समिति, आशियाना द्वारा विभिन्न धार्मिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भव्य आयोजन किया गया। पूरे परिसर में भक्तिमय वातावरण देखने को मिला और श्रद्धालुओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।

कार्यक्रम की शुरुआत सुबह प्रभात फेरी से हुई, जिसमें श्रद्धालु भगवान महावीर के जयकारों के साथ गाते-बजाते और जैन धर्म की ध्वजा लेकर सड़कों पर निकले। इसके बाद मुख्य आयोजन मंदिर परिसर में संपन्न हुआ, जहाँ विद्वान पंडित राजीव जैन शास्त्री के सानिध्य में भगवान महावीर का अभिषेक और शांतिधारा की गई। इस दौरान उपस्थित साधर्मी बंधुओं ने सामूहिक आरती और श्री महावीर विधान कर विश्व शांति की कामना की।

अहिंसा और अपरिग्रह जैसे मूल सिद्धांतों को अपनाएं

समिति के अध्यक्ष चंद्र प्रकाश जैन ने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान अशांत समय में भगवान महावीर के सिद्धांत अत्यंत प्रासंगिक हैं। उन्होंने कहा कि यदि लोग अपने जीवन में अहिंसा और अपरिग्रह जैसे मूल सिद्धांतों को अपनाएं, तो समाज और विश्व की अधिकांश समस्याओं का समाधान संभव है।

बड़ी संख्या में भक्त हुए शामिल

इस अवसर पर समिति के मंत्री अजय जैन सहित अखिलेश जैन, शरद कुमार जैन, अंकित जैन, अनूप जैन, आशीष जैन, बृजेश जैन तथा महिला मंडल की उपाध्यक्ष डॉ. सविता जैन, सांस्कृतिक मंत्री स्वीटी जैन, अनीता जैन और संगीता जैन सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन सामूहिक वात्सल्य भोज के साथ हुआ, वहीं सन्मति डिपार्टमेंटल स्टोर के बाहर आम जनता के लिए विशाल भंडारे का आयोजन भी किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया।