महिला थानाध्यक्ष द्वारा काउंसलरों की सहायता से 15 मामलों में सुलह का प्रयास, 08 जोड़ो की कराई विदाई

लखीमपुर-खीरी। रविवार, 07 दिसंबर 2025 को पुलिस अधीक्षक संकल्प शर्मा के दिशा-निर्देशन में महिला थाना लखीमपुर की थानाध्यक्ष शिल्पी शुक्ला ने परामर्शदाताओं की टीम के साथ मिलकर परिवारिक विवादों के निस्तारण में उल्लेखनीय सफलता प्राप्त की। महिला थानाध्यक्ष ने 15 पारिवारिक विवादों में पक्षकारों के बीच सुलह का प्रयास किया, जिसमें से 08 पति-पत्नी के जोड़ों की विदाई कराकर बिखरते परिवारों को फिर से जोड़ने का सराहनीय कार्य किया गया।

जनपद मुख्यालय में आयोजित इस परामर्श सत्र में थानाध्यक्ष शिल्पी शुक्ला के साथ काउंसलर सुश्री कुसुम गुप्ता, कय्यूम ज़रवानी, श्रीमती नीति गुप्ता, तथा महिला आरक्षी सुमन लता, बबली पवार, और सारिका चौहान मौजूद रहीं। टीम ने दहेज उत्पीड़न, घरेलू हिंसा, साझी गृहस्थी में निवास तथा आपसी मनमुटाव से जुड़े मामलों में पक्षकारों को समझाकर समाधान का मार्ग प्रशस्त किया।

15 में से 08 मामलों में पति-पत्नी को समझाकर एक साथ विदा किया गया, जबकि 05 मामले ऐसे पाए गए, जिनमें दंपतियों के बीच अत्यधिक मनमुटाव होने के कारण दोनों पक्षों की सहमति से उन्हें सोचने के लिए समय दिया गया।
इसके अतिरिक्त 02 मामले अदालत में लंबित होने के कारण संबंधित पक्षकार न्यायालय में उपस्थित होकर निस्तारण कराएंगे।

महिला थानाध्यक्ष शिल्पी शुक्ला और उनकी टीम द्वारा किया गया यह प्रयास समाज में पारिवारिक स्थिरता, विश्वास और सौहार्द बनाए रखने की दिशा में अत्यंत महत्वपूर्ण माना जा रहा है। पुलिस प्रशासन द्वारा ऐसी पहलें लगातार परिवारों को टूटने से बचाने में सकारात्मक भूमिका निभा रही हैं।