होली को लेकर मैलानी पुलिस का फ्लैग मार्च, शांति व्यवस्था का दिया कड़ा संदेश

मैलानी-खीरी। होली पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से कस्बा मैलानी में पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आया। मैलानी पुलिस ने थाना प्रभारी निरीक्षक बृजेश कुमार के नेतृत्व में बाजार क्षेत्र में पैदल फ्लैग मार्च निकाला और सुरक्षा व्यवस्था का कड़ा संदेश दिया।
फ्लैग मार्च के दौरान बाजार, प्रमुख चौराहों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में गश्त कर लोगों से आपसी भाईचारा बनाए रखने और किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न देने की अपील की गई। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि होली के दौरान शांति व्यवस्था भंग करने या हुड़दंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
थाना प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि त्योहार के मद्देनजर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। लगातार गश्त और निगरानी की जा रही है, ताकि आमजन बिना किसी भय के हर्षोल्लास के साथ होली मना सकें।
फ्लैग मार्च में वरिष्ठ उपनिरीक्षक द्रगपाल सिंह, उपनिरीक्षक तेज बहादुर सिंह, जितेंद्र सिंह, अवनीश पवार, संतोष तिवारी सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे। साथ ही संसारपुर क्षेत्र के पुलिस कर्मियों ने भी मार्च में सहभागिता की।