
मैनपुरी। कुँ. आर. सी. महिला डिग्री कॉलेज, मैनपुरी में आज दिनांक 09 फरवरी 2026 को खेल प्रतिभा सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि महाविद्यालय समिति के सदस्य एवं प्रख्यात समाजसेवी डॉ. संजय अग्रवाल रहे। उन्होंने विभिन्न खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को ट्रैकसूट प्रदान कर सम्मानित किया।
मुख्य अतिथि डॉ. संजय अग्रवाल का स्वागत श्री अवधेश सक्सेना द्वारा पुष्पमाला पहनाकर किया गया, जबकि प्रोफेसर मधु गुप्ता, विभागाध्यक्ष शिक्षक शिक्षा विभाग ने उन्हें शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया। समारोह में योग, वॉलीबॉल एवं खो-खो खेलों में प्रतिभाग करने वाली छात्राओं को विशेष रूप से सम्मान मिला। योग विधा में काजल परमार, प्रियांशी चौहान, भावना राजपूत, भावना, काजल, दीप्ति, सेजल राजपूत एवं शिवांगी पाल, वॉलीबॉल में काजल बानो तथा खो-खो में अनुष्का को सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर डॉ. संजय अग्रवाल ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि खेल केवल शारीरिक विकास तक सीमित नहीं है, बल्कि यह अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता को भी मजबूत करता है। उन्होंने छात्राओं से निरंतर अभ्यास और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।
महाविद्यालय की संयुक्त सचिव डॉ. सुशीला त्यागी ने छात्राओं को शुभकामनाएं एवं आशीर्वाद देते हुए उनका उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम का संचालन प्रोफेसर अलका पाठक, विभागाध्यक्ष राजनीति विज्ञान विभाग ने किया। उन्होंने अपने संबोधन में डिजिटल फास्टिंग के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि खेलकूद के माध्यम से सर्वांगीण विकास तभी संभव है, जब डिजिटल फास्टिंग को दिनचर्या का हिस्सा बनाया जाए।
कार्यक्रम में शारीरिक शिक्षा विभाग की शिक्षिकाएं सुश्री सविता, श्रीमती संजना श्रीवास्तव, डॉ. रूपा, सुषमा यादव, पूजा दुबे सहित अन्य स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे। समारोह का समापन उत्साहपूर्ण वातावरण और छात्राओं के आत्मविश्वास से भरे चेहरों के साथ हुआ।