ध्वज के साए में खिचड़ी की खुशबू, कुकथला गोरखनाथ मंदिर में मकर संक्रांति की आस्था

किरावली।मकर संक्रांति के पावन अवसर पर ब्लॉक अछनेरा के गांव कुकथला स्थित प्राचीन गोरखनाथ मंदिर में श्रद्धा और सनातन परंपरा का भव्य संगम देखने को मिला। इस अवसर पर महायोगी बाबा गुरु गोरखनाथ जी के नाम से खिचड़ी प्रसाद अर्पित किया गया और मंदिर परिसर में सनातन धर्म का ध्वजारोहण विधिवत रूप से संपन्न हुआ।
कार्यक्रम के दौरान वाल्मिकी बस्ती में विशेष पूजा-अर्चना का आयोजन भी किया गया, जहां श्रद्धालुओं ने सुख-समृद्धि और सामाजिक समरसता की कामना की। मकर संक्रांति के महत्व पर प्रकाश डालते हुए वक्ताओं ने कहा कि यह पर्व न केवल ऋतु परिवर्तन का प्रतीक है, बल्कि समाज में एकता, सेवा और समर्पण का संदेश भी देता है।
ध्वजारोहण और पूजा के पश्चात श्रद्धालुओं के बीच खिचड़ी प्रसाद का वितरण किया गया। बड़ी संख्या में भक्तों ने प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ अर्जित किया। पूरे आयोजन के दौरान मंदिर परिसर “हर-हर गोरखनाथ” के जयघोष से गूंजता रहा।
इस अवसर पर बाबूलाल वाल्मीकि (रालोद), बाबू नाथ वियोगी, बबीता नाथ, अतुल कुमार, मयंक नाथ, रामजी लाल शेखर नाथ, गौरव नाथ, शिवानी नाथ, राधे लाल वाल्मीकि, कलुआ राम सहित अनेक श्रद्धालु व ग्रामीणजन उपस्थित रहे। कार्यक्रम शांतिपूर्ण और श्रद्धामय वातावरण में संपन्न हुआ।