
लखनऊ। डालीगंज स्थित प्राचीन शिवालय श्री मनकामेश्वर मठ-मंदिर में रविवार को हरियाली तीज का उत्सव भव्यता के साथ मनाया गया। इस आयोजन की अगुवाई श्रीमहंत देव्यागिरी जी महाराज ने की। तीज के पावन अवसर पर मंदिर प्रांगण में पारंपरिक झूला डाला गया और सावन की हरियाली से पूरा परिसर गूंज उठा।
श्रीमहंत देव्यागिरी जी महाराज ने भगवान शंकर और माता पार्वती की षोडशोपचार विधि से पूजा-अर्चना की। पूजा के उपरांत उन्होंने झूला भी झूला और उपस्थित महिलाओं को आशीर्वाद दिया। तीज की इस बेला में महिलाएं हरी साड़ियों में सजी-धजी पहुंचीं और सावन के पारंपरिक लोकगीत गाए।
गायिका संगीता श्रीवास्तव ने अपनी मधुर आवाज में कजरी, सावन, और झूला गीतों की प्रस्तुति दी। उन्होंने “अरे रामा कृष्ण बने मनिहारी की ओढ़ लीन्ही साड़ी रे हरि”, “झूला पड़ा कदंब की डारिया झूले”, “बूंदन बरसन लागी हिमाचल नगरी”, जैसे मनमोहक लोकगीत गाकर वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
उनके साथ शंकर दुबे, अनूप गुप्ता और मोहन देशमुख ने वाद्ययंत्रों पर संगत की। इस सांस्कृतिक आयोजन में मंदिर की प्रमुख सेवादार उपमा पाण्डेय, सुनीता गुप्ता, मोनी, पूजा, प्रियंका, वंदना सहित कई महिलाओं ने भी लोकगीतों की प्रस्तुति दी और झूला झूला।
श्रावण मास में आयोजित यह आयोजन आस्था, लोकसंस्कृति और महिला सहभागिता का अद्भुत संगम बन गया। भक्तों ने आयोजन की सराहना करते हुए इसे हर वर्ष और भव्य बनाने की कामना की।