
पलियाकलां–खीरी। नगर के मोहल्ला रंगरेजान से माता कालरात्रि मंदिर व दुधवा रोड को जोड़ने वाली प्रमुख सड़क का निर्माण कई दिनों से अधर में अटका हुआ है। पालिका प्रशासन की लापरवाही का हाल यह है कि पुरानी सड़क को उखाड़कर उस पर मिट्टी तो डाल दी गई, लेकिन इसके बाद पूरा निर्माण कार्य ठप पड़ा है। परिणामस्वरूप मोहल्लावासियों और स्कूली बच्चों की आवाजाही बेहद मुश्किल हो गई है।
स्थानीय नागरिकों के अनुसार बरसात के बाद से सड़क लगातार खराब हो रही थी। जब निर्माण शुरू हुआ तो लोगों को थोड़ी उम्मीद बंधी, लेकिन कार्य रुक जाने से परेशानी दोगुनी हो गई। उखड़ी सड़क और चारों तरफ फैली मिट्टी से होकर गुजरना लोगों के लिए रोज का संकट बन गया है। खासकर सुबह-शाम स्कूल जाने वाले बच्चों को भारी दिक्कतें झेलनी पड़ रही हैं।
नगरवासियों ने पालिका प्रशासन पर उदासीनता का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि कई बार शिकायत करने के बावजूद निर्माण कार्य दोबारा शुरू नहीं कराया जा रहा है। लोगों ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द निर्माण नहीं शुरू हुआ तो वे आंदोलन करने पर मजबूर होंगे।
इस मार्ग का महत्व इसलिए भी अधिक है क्योंकि यह न सिर्फ मोहल्ले को मुख्य सड़क से जोड़ता है, बल्कि माता कालरात्रि मंदिर और दुधवा रोड तक पहुंचने का प्रमुख मार्ग है। निर्माण में हो रही देरी आमजन की मुश्किलें लगातार बढ़ा रही है।
क्षेत्रवासियों ने उम्मीद जताई है कि प्रशासन जल्द स्थिति को संज्ञान में लेकर अधर में अटके सड़क निर्माण को पूरा कराएगा, ताकि उन्हें राहत मिल सके।