151 जरूरतमंदों को मिली नई रोशनी: मथुरा में निःशुल्क नेत्र शिविर का सफल समापन

मथुरा। कल्याणं करोति नेत्र संस्थान, गोवर्धन रोड, मथुरा द्वारा गुप्ता परिवार, नई दिल्ली के सहयोग से आयोजित निःशुल्क नेत्र चिकित्सा शिविर का सफलतापूर्वक समापन किया गया। शिविर के अंतर्गत कुल 151 जरूरतमंद एवं असहाय नेत्र रोगियों के निःशुल्क ऑपरेशन सम्पन्न कराए गए।
शिविर के आयोजन से पूर्व संस्थान की विशेषज्ञ चिकित्सा टीम ने आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में पहुँचकर रोगियों की जाँच, परामर्श एवं पंजीकरण किया। इसके आधार पर पात्र रोगियों का चयन कर उन्हें संस्थान में उपचार हेतु बुलाया गया। इस पहल से दूरस्थ एवं आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लोगों को गुणवत्तापूर्ण नेत्र चिकित्सा सेवाएँ सुलभ हो सकीं।
समापन दिवस पर ऑपरेशन कराए गए सभी रोगियों को चश्मे, आवश्यक दवाइयाँ एवं फल वितरित किए गए तथा उनके शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना की गई। शिविर के दौरान मरीजों एवं उनके परिजनों ने संस्थान की सेवाओं की सराहना की और इसे समाजोपयोगी पहल बताया।
संस्थान द्वारा समय-समय पर आयोजित ऐसे निःशुल्क शिविर समाज के वंचित वर्ग तक स्वास्थ्य सेवाएँ पहुँचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। प्रबंधन ने शिविर के सफल आयोजन में सहयोग प्रदान करने हेतु गुप्ता परिवार, नई दिल्ली के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया तथा भविष्य में भी ऐसे सेवा कार्य निरंतर जारी रखने का संकल्प दोहराया।