अज्ञात ट्रक ने मैक्स को मारी टक्कर, रायभा के पास चालक की मौत

अछनेरा। दक्षिणी बाईपास पर सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। गांव महुअर के निकट अज्ञात ट्रक ने मैक्स (चैस) वाहन में जोरदार टक्कर मार दी, जिसमें चालक की मौके पर ही मौत हो गई और साथ बैठे व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार मैक्स वाहन महाराष्ट्र से उत्तर प्रदेश के एक जिले में डिलीवरी के लिए ले जाया जा रहा था। वाहन चला रहे केदार सिंह (वासी देवी सिंह का पुरा, थाना सैया) की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। उनके साथ बैठे वीरू गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे के बाद घायल वीरू ने वाहन को रायभा टोल प्लाजा के समीप श्रीजी ढाबे तक पहुंचाया। राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और पंचनामा भरते हुए मृतक का शव एस.एन. मेडिकल कॉलेज भेजा। घायल वीरू का उपचार कराया गया और दुर्घटनाग्रस्त वाहन पुलिस ने कब्जे में लिया।

पुलिस ने अज्ञात ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है और किरावली थाना क्षेत्र को भी मामले में अवगत कराया गया है।