70वें जन्मदिन पर मायावती का बड़ा बयान, बोलीं—मैं झुकने और डरने वाली नहीं हूं


लखनऊ। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) सुप्रीमो मायावती ने अपने 70वें जन्मदिन के अवसर पर लखनऊ में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर देश-प्रदेश की राजनीति, सरकार की नीतियों और पार्टी की आगे की रणनीति पर खुलकर बात की। इस दौरान उन्होंने सभी को नववर्ष की शुभकामनाएं भी दीं।
मायावती ने कहा कि आज उनका 70वां जन्मदिन है, जिसे पार्टी कार्यकर्ता हर वर्ष जनकल्याणकारी दिवस के रूप में मनाते हैं। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार के समय शुरू की गई योजनाओं को वर्तमान सरकारें केवल नाम और थोड़ा स्वरूप बदलकर लागू कर रही हैं, लेकिन योजनाओं का वास्तविक लाभ हर पात्र व्यक्ति तक नहीं पहुंच पा रहा है।
बसपा सुप्रीमो ने कहा कि उनकी पार्टी की सरकार ने संतों और महापुरुषों के सम्मान में अनेक स्मारक, स्थल और पार्क बनवाए थे, जिनकी आज विरोधी पार्टियां नकल कर रही हैं। उन्होंने तीखा तंज कसते हुए कहा कि विरोधियों की स्थिति “मुंह में राम, बगल में छुरी” जैसी है।
मायावती ने दो टूक कहा कि वह झुकने और डरने वाली नहीं हैं। उन्होंने कहा कि विरोधियों द्वारा लगातार षड्यंत्र रचे जा रहे हैं, जिनका लेखा-जोखा वह अपने संघर्षमय जीवन और बीएसपी मूवमेंट के माध्यम से जनता के सामने रखेंगी। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं को सतर्क और सचेत रहने का भी संदेश दिया।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में मायावती ने कांग्रेस और भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि दोनों ही पार्टियां तरह-तरह के हथकंडे अपनाती रहती हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश और देश के हित में बहुजन समाज पार्टी को फिर से सत्ता में लाना बेहद जरूरी है।