
बहराइच।
आगामी दीपावली, गोवर्धन पूजा और भाईदूज पर्वों को देखते हुए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, बहराइच ने मिलावटी और अपमिश्रित खाद्य पदार्थों की बिक्री पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए अभियान चलाया। अभियान के तहत उपजिलाधिकारी नानपारा अरूण कुमार शुक्ल के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने मिहींपुरवा रोड, नानपारा के विभिन्न ठिकानों से नमूने संग्रहित किए।
अधिकारियों ने लालू खोया बेकरी, सिंह डेयरी से पनीर और मिठाई के नमूने लिए, वहीं 60 किग्रा खोया और 10 किग्रा उसगुल्ला को नष्ट किया। इसके अलावा नानपारा स्वीट्स हाउस और नूरी स्वीट्स से सोहन पापड़ी और खोया के नमूने लिए गए। महराजगंज और महसी के किराना स्टोर व ओम स्वीट्स हाउस, महजनी से नमूने संग्रहित किए गए।
अभी तक त्योहारों के दृष्टिगत कुल 17 नमूने संग्रहित किए जा चुके हैं। सभी खाद्य कारोबारियों को साफ-सफाई का विशेष निर्देश दिए गए और जागरूकता हेतु स्टिकर चस्पा किए गए। अभियान आगे भी जारी रहेगा।
इस अवसर पर मुख्य सुरक्षा अधिकारी, खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. विवेक कुमार वर्मा, मुकेश कुमार, आदित्य वर्मा, अजय कुमार सिंह और कृपा शंकर उपस्थित रहे और उन्होंने कार्रवाई को संपन्न किया।