“मिठाई में मिलावट पर सख्ती: बहराइच प्रशासन ने बरामद किया दूषित खोया और रंगीन बूंदी”

बहराइच। दीपावली, गोवर्धन पूजा और भाईदूज पर्व के मद्देनज़र खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता पर निगरानी तेज कर दी गई है। आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, उत्तर प्रदेश लखनऊ के निर्देश पर उप जिलाधिकारी नानपारा के नेतृत्व में एक विशेष अभियान चलाया गया। अभियान का उद्देश्य त्योहारों के दौरान मिलावटी मिठाइयों और खाद्य पदार्थों की बिक्री पर प्रभावी रोकथाम करना है।

अभियान के दौरान खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, बहराइच की टीम ने विभिन्न स्थानों से खाद्य नमूने संग्रहित किए। बाबागंज, नानपारा क्षेत्र से पेड़ा, छेना रसगुल्ला, मिल्क केक और इलियास मिठाई के नमूने लिए गए। इसी प्रकार राजी चौराहा, बहराइच से खोया तथा महसी क्षेत्र से छेना मिठाई के नमूने संग्रहित किए गए।

निरीक्षण के दौरान लगभग 150 किलोग्राम खोया, 25 किलोग्राम दूषित खोया बर्फी, और 20 किलोग्राम रंगीन बूंदी को मौके पर ही नष्ट किया गया। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि त्योहारों में मिलावट करने वालों के खिलाफ किसी भी प्रकार की ढिलाई नहीं बरती जाएगी। अब तक इस विशेष अभियान के तहत कुल 58 खाद्य नमूने लिए जा चुके हैं, जिनकी जांच जारी है।

खाद्य कारोबारियों को साफ-सफाई बनाए रखने और खाद्य सामग्री की गुणवत्ता पर ध्यान देने के निर्देश दिए गए हैं। उपभोक्ताओं को भी जागरूक करने के लिए दुकानों पर स्टीकर चस्पा कराए गए हैं। प्रशासन का कहना है कि यह विशेष अभियान दीपावली तक जनपद की सभी तहसीलों और प्रमुख बाजारों में जारी रहेगा।

अभियान की टीम में उप जिलाधिकारी नानपारा, मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी अरुण शुक्ल, खाद्य सुरक्षा अधिकारी डॉ. विवेक कुमार वर्मा, मुकेश कुमार श्रीवास्तव, आदित्य वर्मा, अजय कुमार सिंह, कृपा शंकर और प्रीति वर्मा शामिल रहे। इन अधिकारियों ने संयुक्त रूप से यह कार्रवाई संपन्न कराई और मौके पर मिलावटी मिठाईयों को नष्ट करने की कार्यवाही की।

प्रशासन ने जनता से अपील की है कि वे किसी भी संदिग्ध खाद्य वस्तु की सूचना तत्काल विभाग को दें ताकि त्योहारों की मिठास सुरक्षित रखी जा सके।