गायब मासूम को पुलिस ने सकुशल बरामद कर परिजनों को सौंपा

ट्रांस यमुना पुलिस की तत्परता से टला बड़ा हादसा, मां की आंखों में छलके राहत के आंसू

आगरा। भाईदूज के दिन एक परिवार पर संकट का साया तब छा गया जब मामा के घर आई महिला का चार वर्षीय बेटा अचानक गायब हो गया। सूचना मिलते ही ट्रांस यमुना थाना पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मासूम को सुरक्षित बरामद कर परिजनों के सुपुर्द कर दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार मथुरा निवासी सीमा पत्नी सतीश अपने चार वर्षीय पुत्र अंश के साथ पवन विहार, आगरा स्थित अपने भाई दीपक के घर भाईदूज मनाने आई थीं। इसी दौरान खेलते समय अंश अचानक लापता हो गया। परिजनों ने काफी खोजबीन की लेकिन जब बच्चा नहीं मिला तो उन्होंने थाने में सूचना दी।

पुलिस ने तुरंत टीम गठित कर तलाशी अभियान शुरू किया। कुछ ही समय में बच्चे को सुरक्षित बरामद कर लिया गया। अपने बेटे को देखकर मां सीमा की आंखों से खुशी और राहत के आंसू बह निकले। परिजनों ने पुलिस का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अगर पुलिस समय पर न पहुंचती तो स्थिति गंभीर हो सकती थी।

थाना ट्रांस यमुना पुलिस की इस तत्परता ने न केवल परिवार की खुशी लौटाई, बल्कि पुलिस-जन सहयोग की एक मिसाल भी पेश की।