
असंद्रा, बाराबंकी। क्षेत्र के सर्वोदय इंटर कॉलेज नसीपुर मंसारा में मिशन पहचान विद्यालय स्तरीय परीक्षा का आयोजन दो दिवसीय कार्यक्रम के तहत सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस परीक्षा में लगभग 800 से अधिक विद्यार्थियों ने प्रतिभाग किया। मिशन पहचान परीक्षा का उद्देश्य विद्यार्थियों में प्रतियोगी परीक्षाओं के प्रति आत्मविश्वास विकसित करना और उनकी शैक्षिक क्षमता को सुदृढ़ करना है।
यह परीक्षा जिला विद्यालय निरीक्षक ओपी त्रिपाठी के मार्गदर्शन में जनपद बाराबंकी के सभी राजकीय एवं सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालयों में आयोजित की जा रही है। सर्वोदय इंटर कॉलेज में आयोजित परीक्षा प्रधानाचार्य धर्मेंद्र कुमार शर्मा की देखरेख में शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई। परीक्षा संचालन में अध्यापक ओम प्रकाश मिश्रा, विनोद कुमार सहित विद्यालय के समस्त शिक्षकगण उपस्थित रहे और सहयोग प्रदान किया।