
लखनऊ। प्रदेश में महिलाओं एवं बच्चों की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से वासंतिक नवरात्र के अवसर पर मिशन शक्ति 5.0 अभियान के द्वितीय चरण के अंतर्गत व्यापक जन जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह कार्यक्रम निदेशक, महिला कल्याण, उत्तर प्रदेश द्वारा जारी कार्ययोजना के अनुरूप तथा जिलाधिकारी लखनऊ के नेतृत्व और जिला प्रोबेशन अधिकारी के निर्देशन में संपन्न हुआ।
साइकिल रैली और पौधारोपण के जरिए दिया गया जागरूकता संदेश
जन जागरूकता अभियान के तहत राजकीय कन्या इंटर कॉलेज, विकास नगर, लखनऊ में पौधारोपण किया गया और साथ ही छात्राओं द्वारा साइकिल रैली निकालकर समाज को महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण का संदेश दिया गया। इस कार्यक्रम में विद्यालय की प्रधानाचार्य अमिता सिंह, प्रवक्ता रश्मी मिश्रा, प्रियंका सिंह, सीमा मिश्रा, मनीषा सक्सेना, सहायक अध्यापिका बबिता रानी वर्मा एवं अपर्णा जौहरी सहित अन्य शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं।

छात्राओं को सरकारी योजनाओं के प्रति किया गया जागरूक
कार्यक्रम में जिला प्रोबेशन कार्यालय, लखनऊ हब की टीम से जेण्डर स्पेशलिस्ट बन्दना द्विवेदी भी शामिल हुईं। उन्होंने विद्यालय में अध्ययनरत बालिकाओं को महिला कल्याण विभाग की विभिन्न योजनाओं मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना (सामान्य) तथा स्पॉन्सरशिप योजना के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
विभिन्न योजनाओं में आवेदन के लिए किया गया प्रेरित
इसके अलावा छात्राओं को वृद्धावस्था पेंशन योजना, स्कॉलरशिप योजना, प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना और सुकन्या समृद्धि योजना जैसी अन्य महत्वपूर्ण योजनाओं की भी जानकारी दी गई। कार्यक्रम के दौरान सभी छात्राओं को इन योजनाओं में आवेदन करने की प्रक्रिया समझाई गई और उन्हें लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया।