
बहराइच। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा, सशक्तिकरण और स्वावलंबन को मजबूत करने के उद्देश्य से संचालित “मिशन शक्ति 5.0” अभियान के तहत जनपद के सभी थानों पर गठित मिशन शक्ति टीमों द्वारा व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान महिला पुलिस कर्मियों ने प्रमुख बाजारों, कस्बों, चौराहों, धार्मिक स्थलों एवं अन्य सार्वजनिक स्थानों पर पहुंचकर महिलाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा उपायों और सरकारी योजनाओं की जानकारी दी।
अभियान के दौरान महिलाओं से सीधा संवाद स्थापित करते हुए उन्हें शासन व पुलिस विभाग द्वारा संचालित सुरक्षा व्यवस्थाओं से अवगत कराया गया। महिला पुलिस कर्मियों ने बताया कि किसी भी आपात स्थिति में महिलाएं बिना झिझक सहायता ले सकती हैं। इस मौके पर महिलाओं की समस्याएं भी सुनी गईं और उनके समाधान का भरोसा दिलाया गया।
जागरूकता कार्यक्रम के अंतर्गत मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, निराश्रित महिला पेंशन योजना, उत्तर प्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन, राष्ट्रीय पोषण योजना, मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना, बेटी बचाओ–बेटी पढ़ाओ, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, पीएम स्वनिधि योजना, पीएम सम्मान निधि योजना, वन स्टॉप सेंटर, आयुष्मान भारत योजना, सुरक्षित मातृत्व आश्वासन सुमन योजना, महिला शक्ति केंद्र योजना एवं मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना की विस्तृत जानकारी दी गई।
इसके साथ ही महिलाओं की सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी पंपलेट के माध्यम से दी गई। इनमें वीमेन पावर लाइन 1090, पुलिस आपातकालीन सेवा 112 (मोबाइल पैनिक बटन का डेमो), सीएम हेल्पलाइन 1076, स्वास्थ्य सेवा 102, एंबुलेंस सेवा 108, महिला हेल्पलाइन 181 तथा साइबर क्राइम हेल्पलाइन 1930 शामिल हैं।
अभियान के माध्यम से महिलाओं और बालिकाओं को आत्मनिर्भर बनने, अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने और किसी भी प्रकार की समस्या होने पर तत्काल सहायता लेने के लिए प्रेरित किया गया। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि मिशन शक्ति 5.0 के तहत इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम आगे भी निरंतर जारी रहेंगे।