मिशन शक्ति फेज 5.0 में महिलाओं को उनके अधिकारों और सरकारी योजनाओं की दी जानकारी

हरियावां। ग्राम मुरवा में मिशन शक्ति फेज 5.0 के तहत आयोजित अभियान में महिलाओं को उनके अधिकारों, सुरक्षा और सरकारी योजनाओं के बारे में जागरूक किया गया। कार्यक्रम में वीसी सखी, आंगनबाड़ी कार्यकत्री, आशा बहू और अन्य ग्रामीण महिलाओं ने भाग लिया।

कार्यक्रम में उपस्थित पुलिस टीम ने महिलाओं को हेल्पलाइन नंबर 112, 1090, 1076, 1930, 181 के साथ-साथ साइबर क्राइम हेल्पलाइन के बारे में विस्तृत जानकारी दी। महिलाओं को साइबर क्राइम और घरेलू हिंसा से संबंधित सेवाओं का महत्व समझाया गया और किसी भी समस्या की स्थिति में मदद लेने के लिए प्रेरित किया गया।

ग्राम प्रधान मुरवा ने महिलाओं के प्रति अपने समर्थन की बात कही और उनके सशक्तिकरण के लिए विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की। थाना हरियावां के थाना प्रभारी वीर बहादुर सिंह, उप निरीक्षक रामऔतार, आरक्षी सौरभ कुमार और महिला आरक्षी पल्लवी ने सुरक्षा उपायों, हेल्पलाइन नंबरों और तत्काल कार्रवाई के तरीकों के बारे में मार्गदर्शन दिया।

इस अभियान का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना, उनके अधिकारों की जानकारी देना और सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाना बताया गया। महिलाओं ने इस पहल की सराहना की और कहा कि ऐसे अभियान उन्हें सुरक्षा के प्रति सतर्क रहने के साथ-साथ जीवन में विश्वास और आत्मनिर्भरता भी बढ़ाते हैं।

यह अभियान ग्रामीण महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है और इसे आगामी दिनों में और बड़े पैमाने पर चलाने की योजना बनाई जा रही है।