मिशन शक्ति कार्यक्रम में महिलाओं को दी गई साइबर क्राइम और घरेलू हिंसा से बचाव की जानकारी

पाली (हरदोई)। उत्तर प्रदेश सरकार के मिशन शक्ति फेज-5 के तहत रविवार को सवायजपुर पुलिस ने रूपापुर गांव में महिलाओं को सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के प्रति जागरूक किया। यह कार्यक्रम थाना प्रभारी सवायजपुर प्रिंस सिंह के निर्देशन में आयोजित किया गया।

कार्यक्रम का नेतृत्व कर रही महिला आरक्षी नाजमा खातून ने महिलाओं, किशोरियों और बच्चों को सोशल मीडिया पर अश्लील मैसेज, घरेलू हिंसा और साइबर क्राइम से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियाँ दीं। उन्होंने बताया कि मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत महिलाओं की सुरक्षा और सशक्तिकरण के लिए सरकार विशेष रूप से संवेदनशील है।

नाजमा खातून ने कहा कि मोबाइल और सोशल मीडिया पर छेड़छाड़, ब्लैकमेलिंग या किसी भी तरह के आपत्तिजनक संदेश अपराध की श्रेणी में आते हैं। ऐसे मामलों में तुरंत पुलिस से संपर्क करें। उन्होंने भरोसा दिलाया कि पुलिस महिलाओं की सुरक्षा के लिए हर समय तत्पर है।

इस अवसर पर कांस्टेबल राजन और कांस्टेबल संजय मौर्य भी उपस्थित रहे।