
ज़ैदपुर (बाराबंकी), 9 अक्टूबर 2025।
राजकीय पॉलिटेक्निक बरैया में बुधवार को मिशन शक्ति अभियान के तहत जनरल एंड मेंटल हेल्थ जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पुलिस, स्वास्थ्य विभाग और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने छात्राओं को आत्मरक्षा, मानसिक स्वास्थ्य और सुरक्षित जीवन से जुड़ी उपयोगी जानकारियाँ दीं।
इस अवसर पर सीओ सदर सौरभ श्रीवास्तव ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि “अवसाद में नहीं रहना है, मेहनत से पढ़ाई करनी चाहिए, ताकि समय व्यर्थ न जाए। अब लड़कियां और लड़के हर क्षेत्र में बराबर हैं और योग्यता के अनुसार सभी को अवसर मिल रहे हैं।” उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार महिलाओं और छात्राओं के हित में हर स्तर पर सहयोग और सुरक्षा सुनिश्चित कर रही है।
जिला महिला थाना प्रभारी मुन्नी देवी ने छात्राओं को मिशन शक्ति से जुड़ी अहम जानकारियाँ दीं। उन्होंने बताया कि छात्राओं को घर से कॉलेज आने-जाने के दौरान सुरक्षा को लेकर सतर्क रहना चाहिए। मोबाइल पर महिला हेल्पलाइन, 1090, 181, 112 और 1076 जैसे टोल फ्री नंबर सेव रखना चाहिए, ताकि किसी भी परिस्थिति में तुरंत सहायता मिल सके।
स्वास्थ्य विभाग के डॉक्टर शैलेंद्र कुमार सिंह ने छात्राओं को शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि संतुलित आहार, नियमित व्यायाम और सकारात्मक सोच से ही जीवन खुशहाल रह सकता है।
कार्यक्रम में थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह ने कहा कि छात्राओं को किसी भी समस्या या उत्पीड़न की बात अभिभावकों से नहीं छिपानी चाहिए। सरकार ने महिलाओं की सुरक्षा के लिए कई ठोस कदम उठाए हैं, जिनका सही उपयोग करना जरूरी है।
संस्था के प्रधानाचार्य वी.के. सिंह ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि “निर्भीक होकर और नियमित रूप से पढ़ाई करें। सोशल मीडिया से दूरी बनाकर अपने करियर और आत्मनिर्भरता पर ध्यान दें।”
कार्यक्रम में प्रीति सिंह, पूनम वर्मा, विकास कुमार, सतीश कुमार समेत बड़ी संख्या में शिक्षण और गैर-शिक्षण स्टाफ उपस्थित रहा। छात्राओं ने भी अधिकारियों से सवाल पूछकर अपनी शंकाओं का समाधान प्राप्त किया।