मिशन शक्ति फेस-5: 10वीं की छात्रा बनी एक दिन के लिए थाना प्रभारी

जैतपुर। मिशन शक्ति अभियान के फेस-5 के तहत महिलाओं और छात्राओं को सशक्त बनाने की पहल में गुरुवार को बीएनडी आदर्श इंटर कॉलेज की दसवीं कक्षा की छात्रा श्रुति त्रिपाठी को एक दिन के लिए जैतपुर थाना प्रभारी की जिम्मेदारी सौंपी गई। यह जिम्मेदारी इंस्पेक्टर प्रेम सिंह ने श्रुति को अभियान के तहत सौंपी।

एक दिन के थाना प्रभारी के रूप में श्रुति ने फरियादियों को सुना और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने थाना परिसर का निरीक्षण किया, स्टाफ के अवकाश अनुरोधों को मंजूरी दी और पुलिस कैंटीन का भी अवलोकन किया। इसके अलावा श्रुति त्रिपाठी पुलिस फोर्स के साथ मुख्य बाजार के चौराहे पर पहुंचीं और जाम रोकने एवं एंबुलेंस वाहनों को प्राथमिकता देने के दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कार्यालय एवं हवालात का निरीक्षण किया और थाना स्टाफ से भी रूबरू हुईं।

इंस्पेक्टर प्रेम सिंह ने छात्राओं और महिला स्टाफ को मिशन शक्ति अभियान का उद्देश्य समझाया। प्रदेश सरकार महिलाओं के सशक्तिकरण और आत्मविश्वास बढ़ाने के लिए प्रत्येक थाने पर मिशन शक्ति फेस-5 चला रही है। इस पहल से बालिकाओं और महिलाओं को समाज में अपनी भूमिका निभाने तथा महिला हेल्प डेस्क टोल फ्री नंबर 1090, 1098, 1930, 112 का उपयोग कर अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए प्रेरित किया जाता है।

श्रुति ने अपने विद्यालय के प्रधानाध्यापक दिवाकर दौनेरिया (पंछी सर) का आभार व्यक्त किया और अपनी दिवंगत मां रानी देवी को याद कर भावुक हो गई। वे जैतपुर में अपने नाना ओम प्रकाश जी के यहां रहकर पढ़ाई कर रही हैं। 2 वर्ष की उम्र में उनकी मां और दादी का निधन हो गया था।