
हरदोई। पाली थाना क्षेत्र के लौकहा गांव में थाना प्रभारी सोमपाल गंगवार और मिशन शक्ति प्रभारी महिला उप निरीक्षक आकांक्षा सिंह के नेतृत्व में मिशन शक्ति अभियान का आयोजन किया गया। इस अभियान के तहत ग्रामीण महिलाओं और बालिकाओं को जागरूक करने के लिए ग्राम महिला चौपाल का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम के दौरान मिशन शक्ति पुलिस टीम ने महिलाओं और बालिकाओं से संवाद स्थापित कर उन्हें सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं और हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी। महिला उप निरीक्षक आकांक्षा सिंह ने बताया कि महिलाओं और बालिकाओं के सशक्तिकरण, सुरक्षा और उन्नति के लिए पुलिस एवं प्रशासन हर स्तर पर सक्रिय हैं। उन्होंने समझाया कि हेल्पलाइन नंबरों और योजनाओं की जानकारी होने पर महिलाएँ अपने हित में इसका सही उपयोग कर सकती हैं।
थाना प्रभारी सोमपाल गंगवार ने महिलाओं से कहा कि यदि किसी कानूनी जानकारी या अधिकार के विषय में अधिक जानकारी चाहिए तो वे मिशन शक्ति पुलिस टीम से सीधे संपर्क कर सकती हैं। उन्होंने शिक्षित और जागरूक नारी को समाज की प्रगति की नींव बताया और सभी से आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया।
इस अवसर पर थाना प्रभारी सोमपाल गंगवार, महिला उप निरीक्षक आकांक्षा सिंह, उप निरीक्षक राकेश सिंह, महिला कांस्टेबल संजना, महिला कांस्टेबल संगीता सहित अन्य पुलिसकर्मी उपस्थित रहे।