मिशन शक्ति फेस 5.0 के तहत बालिकाओं को साइबर सुरक्षा व सशक्त बनने की दी जानकारी

पाली (हरदोई)।
मिशन शक्ति फेस 5.0 के अंतर्गत पाली थाना क्षेत्र के पब्लिक शिक्षा निकेतन में छात्राओं को साइबर क्राइम और एंटी-रोमियो स्क्वॉड से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दी गईं। इस अवसर पर थाना प्रभारी सोमपाल गंगवार और मिशन शक्ति प्रभारी महिला उपनिरीक्षक आकांक्षा सिंह ने छात्राओं को जागरूक किया।

छात्राओं को ऑनलाइन फ्रॉड, बैंक या एटीएम से पैसे कटने और अंजान नंबरों से आने वाली कॉल या मैसेज से होने वाले धोखाधड़ी के मामलों से बचाव के उपाय बताए गए। उन्हें हेल्पलाइन नंबर 1030 और 1930 पर तत्काल शिकायत दर्ज कराने की जानकारी दी गई। उपनिरीक्षक आकांक्षा सिंह ने साइबर अपराधों के विभिन्न पहलुओं और महिला सशक्तिकरण के महत्व पर प्रकाश डाला।

इसके साथ ही छात्राओं की शारीरिक क्षमता और उत्साह बढ़ाने के लिए एक किलोमीटर की दौड़ भी कराई गई, ताकि वे मानसिक और शारीरिक रूप से मजबूत बनें।

कार्यक्रम में महिला कांस्टेबल संजना, महिला कांस्टेबल संगीता सहित मिशन शक्ति टीम के अन्य सदस्य भी मौजूद रहे। प्रभारी निरीक्षक सोमपाल गंगवार ने कहा कि इस तरह की पहल महिलाओं और बालिकाओं को स्वावलंबी, जागरूक और सशक्त बनाने में मदद करती है।