“मिशन शक्ति” के पंचम चरण का शुभारम्भ: महिला सशक्तिकरण रैली निकली

बहराइच। पुलिस लाइन में रविवार को “मिशन शक्ति” के पंचम चरण का शुभारम्भ किया गया। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक ने महिला सशक्तिकरण बाइक रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

रैली में 80 दोपहिया और कई चारपहिया वाहनों के साथ पीआरवी वाहन भी शामिल रहे, जिन पर महिला सुरक्षा और सशक्तिकरण से जुड़े 160 पोस्टर और बैनर लगाए गए थे। रैली के दौरान मिशन शक्ति के गीत और जिंगल प्रसारित कर महिलाओं एवं बालिकाओं को नारी सुरक्षा, स्वावलंबन और अधिकारों के प्रति जागरूक किया गया।

महिलाओं की सुरक्षा और कल्याण से संबंधित योजनाओं व हेल्पलाइन नंबर—वीमेन पावर लाइन 1090, आपात सेवा 112, मुख्यमंत्री हेल्पलाइन 1076, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, वन स्टॉप सेंटर 181, साइबर हेल्पलाइन 1930, स्वास्थ्य सेवा 102 और एम्बुलेंस सेवा 108 की जानकारी भी साझा की गई।

पुलिस लाइन से शुरू होकर रैली मरीमाता मंदिर होते हुए गोलवाघाट पर सम्पन्न हुई। इसमें समस्त थानों की एंटी रोमियो टीम, महिला सुरक्षा विशेष दल और बड़ी संख्या में बालिकाएं एवं महिलाएं शामिल हुईं। रैली में अपर पुलिस अधीक्षक नगर/ग्रामीण, क्षेत्राधिकारी नगर/मिहींपुरवा, प्रशिक्षु उपाधीक्षक, प्रतिसार निरीक्षक सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।